Headlines

Haridwar: गौ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

Haridwar: गौ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार जिले के सिडकुल क्षेत्र में गौ तस्करी कर रहे अपराधियों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने नवोदय नगर क्षेत्र में एक संदिग्ध सेंट्रो कार को रोकने का प्रयास किया, जिसमें तस्कर बछड़ा चोरी कर ले जा रहे थे। पुलिस से बचने के प्रयास में तस्करों की कार एक पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक तस्कर प्रदीप के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान सहारनपुर के नकुड़ निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दो दिन पहले उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में भी गौवंश चोरी का प्रयास किया था, जिसकी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह गौवंश चोरी कर सहारनपुर में बेचता था।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी पंकज गैरोला, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल तस्कर से पूछताछ की। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *