Haridwar: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वंदना कटारिया इंडोर स्टेडियम, रोशनाबाद में उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन द्वारा आयोजित युवा ऑल स्टार्स चैंपियनशिप-2025 के समापन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने स्टेडियम को एसी हॉल में बदलने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को बधाई दी और कहा कि जो टीमें जीत से कुछ कदम दूर रह गईं, वे इसे अपने खेल कौशल में सुधार का अवसर मानें। उन्होंने कबड्डी को देश की प्राचीन धरोहर बताते हुए कहा कि इस खेल में स्फूर्ति, ताकत, धैर्य और टीम भावना का विशेष महत्व होता है।
उन्होंने कहा कि पिछले दशक में कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और प्रो-कबड्डी लीग जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से इसे नई ऊंचाइयां प्राप्त हुई हैं। मुख्यमंत्री ने इस चैंपियनशिप के 100 से अधिक देशों में लाइव प्रसारण को ऐतिहासिक बताया और उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए 10 दिवसीय विशेष लीग आयोजित करने के लिए आयोजकों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में ₹517 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक स्टेडियम और ₹100 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण लाए गए हैं, जिससे उत्तराखंड में खेल सुविधाओं का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब बड़ी-बड़ी प्रतियोगिताएं उत्तराखंड की ओर आकर्षित हो रही हैं, जिसका उदाहरण यह चैंपियनशिप है।
जल्द लागू होगा स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान
खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करेगी, जिसके तहत 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इन अकादमियों में हर साल 920 विश्व स्तरीय और 1000 अन्य एथलीटों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन अकादमियों में स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट्स, फिजियोथेरेपिस्ट, कंडीशनिंग कोच, डाइट स्पेशलिस्ट और साइकेट्रिस्ट की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है।
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेलों में जीते 100 से अधिक मेडल
मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीते हैं, जिनमें से दो मेडल कबड्डी में भी आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मेडल जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक मदन कौशिक, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, उत्तराखंड पारिस्थितिकी पर्यटन सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश जमदग्नि, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

