Headlines

Udham singh nagar: खटीमा में STF की बड़ी कार्रवाई, 42 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

Udham singh nagar: खटीमा में STF की बड़ी कार्रवाई, 42 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
शेयर करे-

Udham Singh nagar: उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने थाना खटीमा पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई में 42 लाख रुपये मूल्य की 141 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार देर शाम खटीमा क्षेत्र के पहनिया-कुटरी बाईपास पर स्थित स्टोन क्रेशर के पास सुजिया गाँव की ओर जाने वाली सड़क पर की गई।

यह ऑपरेशन माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत भुल्लर द्वारा समस्त जनपदों में नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी रखने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उक्त आदेशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह व सीओ आर.बी. चमोला के निर्देशन और निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में यह सफलता हासिल की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान युसुफ अंसारी उर्फ गुड्डु (28 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-13, शारदा टॉकीज के पास, थाना खटीमा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह हेरोइन नानकमत्ता निवासी हैरी नामक व्यक्ति से लाया था और खटीमा क्षेत्र में इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचने की योजना थी। पूछताछ के दौरान आरोपी से अन्य ड्रग्स तस्करों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है, जिन पर अलग से कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ की टीम द्वारा आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। बरामद हेरोइन का बाजार मूल्य करीब 42 लाख रुपये आंका गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और यदि किसी को नशा तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें। एसटीएफ द्वारा “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

इस संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरुप, एसआई विपिन चंद्र जोशी, एसआई विनोद चंद्र जोशी, एएसआई जगवीर शरण, हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह, कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान, इसरार अहमद और मोहित जोशी शामिल रहे। वहीं, थाना खटीमा पुलिस टीम में एसआई किशोर पंत और कांस्टेबल महेश आर्या ने सहयोग प्रदान किया।

For latest news updates click here

For English news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *