॰ मुख्य आरोपी से लगातार पूछताछ जारी
॰ पहले दिन नहीं मिला कोई अहम सुराग
॰ अब देहरादून ले जाकर हो सकती है पूछताछ
Uttarakhand: बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के बहुचर्चित मामले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती नजर आ रही है। मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को कस्टडी रिमांड पर लेने के बाद मंगलवार को पुलिस बदरीनाथ पहुंची और उसे सीधे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के प्रोटोकॉल कार्यालय ले जाकर पूरे कार्यालय की गहन तलाशी कराई। आरोपी की मौजूदगी में कार्यालय की अलमारी खुलवाई गई और वहां रखे दस्तावेजों व अन्य सामग्री की बारीकी से जांच की गई। हालांकि, पहले दिन की इस कार्रवाई में पुलिस को कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग सका।
इससे पहले सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौसर की अदालत ने पुलिस के आवेदन पर मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को कस्टडी रिमांड में देने की अनुमति प्रदान की थी। अदालत के आदेश के बाद मंगलवार को पुलिस टीम जिला कारागार पुरसाड़ी से आरोपी को अपने साथ लेकर अपराह्न करीब 4:40 बजे बदरीनाथ थाने पहुंची। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शाम करीब सात बजे पुलिस आरोपी को बीकेटीसी के प्रोटोकॉल कार्यालय लेकर पहुंची।
कार्यालय में पुलिस ने आरोपी की मौजूदगी में अलमारी खुलवाकर उसकी जांच की। इसके साथ ही पूरे कार्यालय कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की तलाश की गई। करीब 15 मिनट तक चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी को वापस बदरीनाथ थाने ले गई, जहां उससे देर रात तक पूछताछ जारी रही।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की जांच अभी शुरुआती चरण में है और पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चढ़ावे में कथित हेराफेरी की राशि किन-किन माध्यमों से इधर-उधर की गई और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।
बताया जा रहा है कि पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। यदि पूछताछ के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है तो जांच का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने और विस्तृत पूछताछ के लिए आरोपी को बुधवार को देहरादून भी ले जाया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच लगातार जारी है। मुख्य आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
