Uttarakhand: चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लोहाघाट-चौरसानी मोटर मार्ग पर ग्राम बंतोली के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। पिथौरागढ़ की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के बाद वाहन में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय युवाओं के सहयोग से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय युवाओं ने साहस का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
हादसे में वाहन चालक राजेंद्र कुमार (48 वर्ष) पुत्र लक्ष्मीराम निवासी अतेड़ा चर्मी, थाना डीडीहाट तथा वाहन स्वामी बलदेव कुमार (36 वर्ष) पुत्र भीमराम निवासी ननकोड़, कनालीछीना की मौत हो गई। बताया गया कि बलदेव कुमार वाहन में आग लगने के कारण बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वहीं बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (35 वर्ष) तथा उनके दो बच्चे अद्विता (8 वर्ष) और आरव (5 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान दोनों बच्चे वाहन से बाहर छिटक गए थे, जिसके कारण उनकी जान बच सकी।
उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। प्रभारी थानाध्यक्ष लोहाघाट कुंदन सिंह बोरा ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रेस्क्यू अभियान के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे बलदेव कुमार के शव को कटर की सहायता से बाहर निकाला गया।
घटनास्थल पर मनोज फर्त्याल, कमल, विपिन रावत, योगेश भंडारी, जगदीश सिंह अधिकारी, अवनीश कुमार उपाध्याय, पंछदेव पांडे और ग्राम प्रधान बंतोली नारायण सिंह फर्त्याल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान में शामिल युवाओं, पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस के साहसिक प्रयासों की सराहना की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
