Uttarakhand: उत्तराखंड में शुक्रवार को लगातार बारिश के बीच अलग-अलग जिलों में बादल फटने की घटनाओं से भारी तबाही मच गई। चमोली, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में जन-धन की हानि के साथ व्यापक नुकसान की खबर है।
चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में बादल फटने से मोपाटा गांव में बड़े पैमाने पर तबाही हुई। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि गांव निवासी तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता हैं, जबकि विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल हुए हैं। उनका मकान और गोशाला मलबे में दब गई है। वहीं 15 से 20 मवेशियों के भी मलबे में दबे होने की सूचना है।
टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव में भी बादल फटा। हालांकि यहां किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन गांव में भारी तबाही हुई है।
इसी तरह रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक के छेनागाड़ और बांगर सहित कई इलाकों में बादल फटने और अतिवृष्टि से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar

