Headlines

Uttarakhand: एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बरेली से जुड़े दो तस्कर दबोचे, 86 लाख की ड्रग्स बरामद

Uttarakhand: एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बरेली से जुड़े दो तस्कर दबोचे, 86 लाख की ड्रग्स बरामद
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून और चम्पावत जिलों से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 86 लाख रुपये की ड्रग्स बरामद की गई। पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

देहरादून में एएनटीएफ देहरादून टीम और थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने जोगीवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान आसिफ कुरैशी (23) पुत्र रईस कुरैशी निवासी बरेली को दबोचा। उसके पास से 278 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 84 लाख रुपये आंकी गई। आरोपी हेरोइन बरेली से खरीदकर देहरादून में बेचने आया था। इस सफलता पर पुलिस मुख्यालय ने संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

वहीं चम्पावत जिले के टनकपुर में एएनटीएफ कुमाऊं टीम और पुलिस ने चेकिंग के दौरान दीपक कुमार (35) पुत्र धर्मेंद्र शर्मा निवासी बरेली को पकड़ा। उसके पास से 1 किलो 208 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चरस खेतीखान के दादू नामक व्यक्ति से लेकर मैदानी जिलों में बेचने के लिए आया था।

एसटीएफ की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बरेली के बड़े ड्रग्स तस्करों से जुड़े हैं और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में ड्रग्स की सप्लाई करते थे। अब एसटीएफ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

इस अभियान में एएनटीएफ देहरादून, एएनटीएफ कुमाऊं, थाना नेहरू कॉलोनी और टनकपुर पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से भागीदारी निभाई। एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *