Headlines

Rudraprayag: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा, सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थरों की चपेट में आकर स्थानीय युवक की मौत

Rudraprayag: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा, सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थरों की चपेट में आकर स्थानीय युवक की मौत
शेयर करे-

Rudraprayag: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नेपाली मूल का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संवेदनशील और खतरे वाले स्थानों पर बनी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी। अचानक तेज गर्जना के साथ पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। गिरते पत्थरों की चपेट में आसपास की कुछ दुकानें और क्षेत्र भी प्रभावित हुए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि एक स्थानीय युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नेपाली नागरिक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों और संभावित भूस्खलन के खतरे को देखते हुए संवेदनशील इलाकों को अस्थायी रूप से खाली कराया। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में लगातार बदलाव और पहाड़ियों के दरकने की घटनाओं को देखते हुए यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

केदारनाथ यात्रा के दौरान लगातार सामने आ रही भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच कई स्थान अत्यधिक संवेदनशील बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यात्रा मार्ग की सुरक्षा के लिए स्थायी और मजबूत इंतजाम करने की मांग की है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न रुकें और मौसम खराब होने की स्थिति में अतिरिक्त सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *