Headlines

Uttarakhand: श्रीनगर में युवक ने नैथाना पुल से अलकनंदा नदी में लगाई छलांग, SDRF की रेस्क्यू टीम कर रही तलाश

Uttarakhand: श्रीनगर में युवक ने नैथाना पुल से अलकनंदा नदी में लगाई छलांग, SDRF की रेस्क्यू टीम कर रही तलाश
शेयर करे-

Uttarakhand: शहर में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक युवक ने नैथाना पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। घटना सुबह लगभग 8:30 बजे की है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिवार में कोहराम मच गया।

प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान 35 वर्षीय अनिल रावत पुत्र बलवीर रावत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम सुपाणा, चौरास, थाना कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल का निवासी था और वर्तमान में श्रीनगर क्षेत्र में यूटिलिटी वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। अलकनंदा नदी का जलस्तर इस समय उफान पर होने से एसडीआरएफ की गोताखोर टीम को तलाशी अभियान में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। तेज बहाव और गहराई के चलते अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पुल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के कारणों की जानकारी मिल सके। पुलिस युवक के मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक हालात की भी जांच कर रही है।

श्रीनगर कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थी और नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, फिर भी जवान पूरी मेहनत से युवक की तलाश कर रहे हैं।

गौरतलब है कि फरवरी 2024 में भी अलकनंदा नदी में ऐसी ही घटना हुई थी, जब मानसिक स्थिति से जूझ रहा एक युवक अपनी मां और जीजा के सामने ही कीर्तिनगर पुल से कूद गया था। उस वक्त भी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कई दिनों तक रेस्क्यू अभियान चलाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *