Uttarakhand: “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में कुमाऊँ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईजी कुमाऊँ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (SOTF) कुमाऊँ परिक्षेत्र ने थाना पुलभट्टा क्षेत्र, जनपद ऊधम सिंह नगर में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद की हैं।
स्वास्थ्य सचिव उत्तराखण्ड एवं आईजी कुमाऊँ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में औषधि नियंत्रक विभाग की टीम, SOTF कुमाऊँ परिक्षेत्र और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ए.एस.के. मेडिकल स्टोर में छापेमारी की। जांच के दौरान स्टोर से ट्रामाडोल के 14,472 कैप्सूल, अल्प्राजोलम की 5,670 टैबलेट तथा ट्रामाडोल के 50 इंजेक्शन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार उक्त मेडिकल स्टोर शकूर खान पुत्र सब्बीर खान निवासी शक्तिफार्म रोड, ग्राम सेदोरा, चौकी बरा, थाना पुलभट्टा द्वारा संचालित किया जा रहा था। मामले में थाना पुलभट्टा में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
इस कार्रवाई में SOTF कुमाऊँ परिक्षेत्र की टीम, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, श्रीमती निधि शर्मा सहित पुलभट्टा थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
कुमाऊँ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
