Tehri: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए पुलिस बल के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है, जो राज्य की बढ़ती खेल क्षमताओं और व्यवस्थाओं को दर्शाता है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं और साथ ही राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं।
इस चैंपियनशिप में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स न केवल खेल के रूप में बल्कि आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। इन खेलों में दक्षता आपात परिस्थितियों में जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के साथ अपनी क्षमता साबित की है और अब राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी उभर रहा है।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
