Uttarkashi: उत्तरकाशी जनपद के नौगांव बाजार स्थित स्योरी फल पट्टी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अचानक बादल फटने से भारी तबाही हुई। इस घटना में एक आवासीय भवन पूरी तरह मलबे में दब गया, जबकि क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक घरों में पानी भर गया।
देवलसारी गदेरे में तेज बहाव के कारण एक मिक्चर मशीन और कई दोपहिया वाहन बह गए। एक कार भी मलबे में दबने की सूचना है। तेज बारिश और उफनते नाले से बाजार क्षेत्र की कई दुकानें और रिहायशी मकान जलमग्न हो गए।
स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर सक्रिय हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन नुकसान का आकलन जारी है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर आसपास के क्षेत्रों को भी अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
