Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को अनर्पा, अनोठी, पोखरी, सकदीना, देवनगर, पलड़ा और सरना समेत कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने तथा खराब सड़कों की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने बरसात के दौरान बंद होने वाले मोटर मार्गों को समय पर खोलने के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के भी निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


Chief Editor, Aaj Khabar
