Headlines

Bhimtal: निजी स्कूलों की फीस शिकायतों पर सख्त प्रशासन, 31 अगस्त को वेंडी पब्लिक स्कूल की स्थलीय जांच और सुनवाई

Bhimtal: निजी स्कूलों की फीस शिकायतों पर सख्त प्रशासन, 31 अगस्त को वेंडी पब्लिक स्कूल की स्थलीय जांच और सुनवाई
शेयर करे-

Bhimtal: निजी विद्यालयों द्वारा विभिन्न मदों में लिए जा रहे शुल्क और अभिभावकों की शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नैनीताल की अध्यक्षता में विकास भवन भीमताल में आयोजित समीक्षा बैठक में शुल्क संबंधी लंबित प्रकरणों, जांच और शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि विकासखंड के 39 निजी विद्यालयों ने विभिन्न मदों में शुल्क का समायोजन किया है, जिसका भौतिक सत्यापन कराने के लिए संबंधित प्रधानाचार्यों को नामित किया गया है। वहीं, पूर्व में 17 निजी विद्यालयों को जारी नोटिसों के मामलों की जांच एवं अनुपालन की कार्रवाई मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल द्वारा गठित जांच समिति के माध्यम से की जा रही है।

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शुल्क संबंधी शिकायतों की भी समीक्षा की गई। हिम्मतपुर चौम्वाल निवासी भुवेश भट्ट की डॉन बॉस्को स्कूल से संबंधित शिकायत के समाधान के बाद विद्यालय प्रशासन अतिरिक्त शुल्क की धनराशि का समायोजन अगस्त और सितंबर 2026 की फीस में करेगा। अन्य लंबित प्रकरणों में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

वेंडी पब्लिक स्कूल की 31 अगस्त को होगी स्थलीय जांच

बैठक में वेंडी पब्लिक स्कूल, दौलतपुर से जुड़ी विभिन्न शिकायतों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों की निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

मामले में 31 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे वेंडी पब्लिक स्कूल में स्थलीय जांच की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय, कालाढूंगी रोड, हल्द्वानी स्थित सीआरसी कार्यालय में शिकायतों की सुनवाई होगी। जांच और सुनवाई के लिए छह सदस्यीय समिति नामित की गई है, जबकि वित्त अधिकारी विद्यालयी शिक्षा नैनीताल को भी जांच के लिए नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निजी विद्यालयों के शुल्क संबंधी मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और अभिभावकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *