Assam: असम के नागांव जिले के कामपुर क्षेत्र में चंगजुराई के पास बीती रात एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। सैरांग से दिल्ली जा रही 20507 राजधानी एक्सप्रेस जंगली हाथियों के एक झुंड से टकरा गई, जिससे सात हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और शोक है। हादसा गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजधानी एक्सप्रेस के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को एहतियातन अन्य डिब्बों की खाली बर्थ में बैठाया गया और सभी सुरक्षित हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रात करीब 2:17 बजे घने कोहरे के बीच हुआ। पास की पहाड़ियों से उतरकर जंगली हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया, तभी तेज रफ्तार ट्रेन उनसे टकरा गई। सात हाथियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हाथी के बच्चे के लिए इमरजेंसी इलाज की व्यवस्था की गई। पशु चिकित्सकों की एक विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत हाथियों का पोस्टमॉर्टम किया। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों में सहयोग किया।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने डिविजनल मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दुर्घटना राहत ट्रेनें मौके पर भेजीं। रेलवे के जनरल मैनेजर और लुमडिंग के डिविजनल रेलवे मैनेजर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी ट्रैक बहाली और यातायात सामान्य करने के कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। यात्रियों की सहायता के लिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर 0361-2731621, 2731622 और 2731623 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इस इलाके में इंसान और हाथियों के बीच टकराव की घटनाएं बढ़ी हैं। हाथियों के झुंड अक्सर इस क्षेत्र से गुजरते रहते हैं और हादसे से कुछ समय पहले भी यही झुंड आसपास घूमता देखा गया था।
रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक की मरम्मत और सामान्य ट्रेन संचालन बहाल करने का काम तेज कर दिया है। अधिकारियों ने माना कि सर्दियों के मौसम में रेलवे ट्रैक पर जंगली हाथियों की मौत एक गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है, हालांकि पिछले वर्षों में इससे बचाव के लिए कई उपाय किए गए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
