Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत को परखा। निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही अक्षम्य है और ऐसे मामलों में सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विभिन्न बैठकों के उपरांत मुख्यमंत्री श्री धामी अचानक पुलिस स्टेशन पहुंचे, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उन्होंने थाने की संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में मौजूद कई शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं बल्कि जिम्मेदारी मानते हुए दर्ज किया जाए तथा उनका त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पर भी पहुंचे और महिला फरियादियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए लंबित मामलों की स्थिति, फॉलोअप और कर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाने के बंदी गृह में गंदगी और अव्यवस्था पर गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए तत्काल साफ-सफाई और मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव और अपराध नियंत्रण से जुड़ी कार्रवाई की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए उन्होंने विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश भी दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा हर अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Chief Editor, Aaj Khabar
