Dehradun: भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को उत्तराखंड में विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा निकालेगी। प्रदेश प्रभारी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि 7 अक्टूबर को देशभर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उत्तराखंड में भी सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, कैबिनेट मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।
देहरादून में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विधानसभाओं से पार्टी कार्यकर्ता परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में एकत्रित होंगे। यहां सेवा ज्योति सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का वर्चुअल संबोधन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत के सामूहिक संकल्प की शपथ दिलाई जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित किए जाने के बाद ज्योति को लैंसडाउन चौक पर स्थापित किया जाएगा।
कुंदन परिहार के अनुसार देहरादून के कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी वरिष्ठ नेताओं को कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, ऊधम सिंह नगर में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा शामिल होंगे।
हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, जबकि पौड़ी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पिथौरागढ़ में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, बागेश्वर में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, अल्मोड़ा में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, चंपावत में कैबिनेट मंत्री खजान दास, नैनीताल में सांसद अजय भट्ट तथा चमोली में विधायक अनिल नौटियाल और भोपाल राम टम्टा सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे।
भाजपा के अनुसार यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्षों के कार्यकाल को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति लोगों को संकल्पित किया जाएगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
