Nainital: कैंचीधाम में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीकेंड पर कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से होटल की अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम आने की अपील की। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय से वीकेंड व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग को वीकेंड के दौरान टैक्सी बाइक की नियमित जांच करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आयुक्त ने शिप्रा नदी में नहाने पर रोक लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। वहीं मंदिर समिति को वीकेंड पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने और मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने को कहा गया।
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड के दौरान लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ ई अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार समेत मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
