Dehradun: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते वह विशेष जांच टीम (SIT) को अपना मोबाइल फोन जमा नहीं कर सकीं। सूत्रों के मुताबिक, आज मोबाइल सौंपने की प्रक्रिया प्रस्तावित थी, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से यह टल गई।
हाल के दिनों में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऑडियो में हत्याकांड से जुड़ी संवेदनशील बातों का दावा किया गया, जिसके बाद SIT ने दोनों से विस्तृत पूछताछ की। उर्मिला ने जांच में सहयोग का भरोसा जताते हुए मोबाइल जांच के लिए देने की बात कही थी। महामंडलेश्वर स्वामी दर्शन भारती ने भी जानकारी दी थी कि तय तारीख को मोबाइल सौंपा जाएगा।
बताया जा रहा है कि SIT मोबाइल और संबंधित ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी में थी, ताकि ऑडियो की प्रामाणिकता, समय-सीमा और अन्य तकनीकी पहलुओं की पुष्टि हो सके। जांच पूरी होने के बाद मामले में बड़े खुलासे या कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि यह हत्याकांड वर्ष 2022 में ऋषिकेश के पास वनांतरा रिसॉर्ट से जुड़ा रहा है, जिसमें मुख्य आरोपी पुलकित आर्य सहित तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है। हालांकि, हालिया ऑडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर वीआईपी एंगल और राजनीतिक कनेक्शन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्य में CBI जांच की मांग भी उठ रही है।
SIT ने स्पष्ट किया है कि उर्मिला की सेहत में सुधार के बाद मोबाइल जब्ती और आगे की जांच को प्राथमिकता दी जाएगी। मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही कोई अहम अपडेट सामने आ सकता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
