Dehradun: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शासकीय आवास पर भेंट कर चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण की प्रगति पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अस्थायी कर्मचारियों के वन टाइम सेंटिमेंट, श्री त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने सहित अन्य मुद्दों पर भी वार्ता की।
मुख्यमंत्री धामी ने बीकेटीसी अध्यक्ष के आग्रह पर कर्मचारियों के वन टाइम सेंटिमेंट की प्रक्रिया को तेज करने हेतु शासन को आवश्यक निर्देश दिए। द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मई-जून में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने धामों में दर्शन किए, हालांकि बरसात के दौरान आपदा के चलते यात्रा प्रभावित हुई।
उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा राहत कार्यों व यात्रा मार्गों को सुचारू बनाने से द्वितीय चरण में यात्रा सफलतापूर्वक जारी है। बीते 6 सितंबर से श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम में लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही हो रही है। तीन दिनों में श्री बदरीनाथ धाम में 8,421 और श्री केदारनाथ धाम में 17,770 तीर्थयात्री पहुंचे।
अब तक कुल 27,93,050 श्रद्धालु दोनों धामों में दर्शन कर चुके हैं, जिनमें बदरीनाथ में 12,99,880 और केदारनाथ में 14,93,170 तीर्थयात्री शामिल हैं। श्राद्धपक्ष को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar

