Dehradun: राजधानी देहरादून में मंगलवार को दिनदहाड़े दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में बदमाश ने घर में घुसकर रिटायर्ड बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की निर्मम हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी लूटपाट के इरादे से घर में घुसा था और विरोध करने पर उसने तीनों पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार किए।
जानकारी के अनुसार, आयुध निर्माणी से सेवानिवृत्त रमेश कपूर अपनी पत्नी रजनी कपूर के साथ विष्णुलोक कॉलोनी में रहते थे। उनके बच्चे बाहर रहते हैं। घटना के समय घर में दंपती और उनकी नौकरानी शीला ही मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय आरोपी लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ। दंपती ने जब उसका विरोध किया तो उसने दोनों पर पेचकस से कई वार कर दिए।
इसी दौरान घर के बाहर से गुजर रही नौकरानी शीला को अंदर से कुछ अनहोनी की आहट सुनाई दी। वह घर के भीतर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाश ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
नौकरानी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खुद को घिरता देख आरोपी घर से पैदल भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कथित तौर पर लूटी गई सोने की चेन बरामद होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रमेश कपूर, रजनी कपूर निवासी देहरादून और शीला निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है।
तिहरे हत्याकांड की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस वारदात के पीछे की पूरी वजह, लूट की घटना और आरोपी की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
