धामी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग वापस, सुबोध उनियाल बने नए स्वास्थ्य मंत्री
Dehradun: उत्तराखंड की धामी सरकार में हालिया कैबिनेट विस्तार के बाद आज मंत्रियों के बीच विभागों का बहुप्रतीक्षित बंटवारा कर दिया गया। इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव स्वास्थ्य विभाग को लेकर देखने को मिला है। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है, जबकि वरिष्ठ मंत्री सुबोध उनियाल को नया स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त किया गया है।
जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण और सूचना एवं जनसंपर्क जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। ये विभाग शासन संचालन की रीढ़ माने जाते हैं, जिनके जरिए प्रशासनिक निर्णयों और कानून-व्यवस्था पर सीधा नियंत्रण सुनिश्चित होता है।
सुबोध उनियाल, जो धामी सरकार के कद्दावर और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं, अब स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके पास पहले से ही वन विभाग के साथ निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य जैसे अहम विभाग मौजूद हैं। अपने बेबाक और स्पष्ट वक्तव्य शैली के लिए पहचाने जाने वाले उनियाल को यह नई जिम्मेदारी सरकार के भीतर उनके बढ़ते कद को दर्शाती है।
सुबोध उनियाल का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक राजनीति उत्तर प्रदेश से शुरू की और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से जुड़े रहे। उनकी सक्रिय राजनीति की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से हुई। वर्ष 2002 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर जीत हासिल की।
बाद में वर्ष 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने फिर नरेंद्रनगर सीट से जीत दर्ज की और त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार में पहली बार मंत्री बने। उस दौरान उनके पास कृषि, वृक्षारोपण, बागवानी और रेशम विकास जैसे विभाग थे।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नरेंद्रनगर से जीत हासिल की और धामी सरकार में मंत्री बने, जहां उन्हें वन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। अब ताजा कैबिनेट विस्तार में उन्हें स्वास्थ्य विभाग भी सौंपा गया है, जो राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
