Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में खाद्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अन्त्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अन्त्योदय कार्डधारकों को योजना का लाभ शत-प्रतिशत रूप से उपलब्ध हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत लाभार्थियों को गैस सिलेंडर भरवाने हेतु धनराशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दी जाएगी और खाद्य विभाग को यह सुनिश्चित करना होगा कि इस राशि का प्रयोग केवल गैस रिफिल के लिए हो। राज्य में वर्तमान में 1 लाख 84 हजार अन्त्योदय कार्डधारक परिवार इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं, जिनमें लगभग 10 लाख नागरिक शामिल हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत सभी लाभार्थियों का डेटा अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वरिष्ठ नागरिकों एवं बायोमैट्रिक कठिनाइयों का सामना करने वाले अन्य पात्र लोगों को राशन से वंचित न रहने दिया जाए। ऐसे मामलों में ऑफलाइन प्रमाणीकरण अथवा वैकल्पिक प्रणाली के माध्यम से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने खाद्यान्न भंडारण की वर्तमान स्थिति और गोदामों की समीक्षा कर संरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने, और ई-पूर्ति पोर्टल पर रियल टाइम ट्रांजैक्शन डेटा की निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने आधार सीडिंग और मोबाइल ओटीपी आधारित वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने और फर्जी राशन कार्डों की पहचान कर संबंधितों पर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लापरवाही या अनियमितता बरतने वाले डीलरों और अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए और हर माह सभी कार्डधारकों को समय पर पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में पूर्व-स्टॉकिंग की ठोस व्यवस्था, गोदामों का आधुनिकीकरण, जिला स्तर पर बफर स्टॉक की योजना, और मिड-डे मील एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को समयबद्ध खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फैनई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव बंशीधर तिवारी एवं खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

