Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: उत्तराखंड राज्यसभा सीट पर भाजपा का दांव, दिनेश आर्य ने मुख्यमंत्री धामी और विधायकों की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन

Dehradun: उत्तराखंड राज्यसभा सीट पर भाजपा का दांव, दिनेश आर्य ने मुख्यमंत्री धामी और विधायकों की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड से राज्यसभा की खाली हो रही सीट के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को देहरादून विधानसभा परिसर में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के कई विधायक इस दौरान मौजूद रहे। नामांकन से पहले सुबह 10 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक भी आयोजित की गई।

दिनेश आर्य के विधिवत नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से प्रदेश के सभी वर्गों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिनेश आर्य सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्होंने पार्टी में रहते हुए कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उन्होंने हमेशा पार्टी के दिशा निर्देशों का पालन किया। धामी ने कहा कि दिनेश आर्य के राज्यसभा सांसद बनने से यह संदेश जाएगा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता भी बड़े पद तक पहुंच सकता है।

भारत निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। चुनाव की स्थिति बनने पर 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।

राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल छह वर्ष का होता है। राज्यसभा स्थायी सदन है और इसे भंग नहीं किया जाता। प्रत्येक दो वर्ष में इसके एक तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं। इस चुनाव से चुने जाने वाले नए राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल छह वर्ष का होगा और वह 2032 तक पद पर रहेंगे।

उत्तराखंड से मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को पूरा हो रहा है। नरेश बंसल निर्विरोध निर्वाचित होकर राज्यसभा पहुंचे थे। अब उनकी सीट पर भाजपा ने दिनेश आर्य को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *