Nainital: नैनीताल जिले के कैंचीधाम क्षेत्र में देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। लालकुआं से दूध लेकर जा रही पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पिकअप सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 लालकुआं से दूध लेकर जा रहा था। रात करीब दो बजे कैंचीधाम मंदिर के पास वाहन अचानक बेकाबू हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर खाई में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में 33 वर्षीय अंकित सिंह, बॉबी और 10 वर्षीय मोहम्मद साकिब घायल हुए हैं। तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से भवाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। प्रारंभिक तौर पर रात के समय वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
