Dehradun: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई 26 वर्षीय महिला काजल की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति धीरज पंवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी द्वारा तलाक लेने की तैयारी और दोनों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खून लगी शर्ट बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, धीरज पंवार का अपनी पत्नी काजल के साथ पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं और शादी के बाद धीरज पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित काजल के मायके में रह रहा था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिछले तीन महीने से उसकी पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से मिलने पर भी रोक लगा रही थी। करीब एक महीने पहले उसे जानकारी मिली कि काजल तलाक लेने की तैयारी कर रही है। इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने सहारनपुर से देशी तमंचा खरीदा था। घटना से एक रात पहले वह देहरादून पहुंचा और घटनास्थल के पास एक निर्माणाधीन भवन में छिपकर रेकी की। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की सुबह आरोपी ने घर का टीन का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बिस्तर पर सो रही काजल पर दो गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया।
21 सितंबर की सुबह पुलिस को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि धीरज और उसकी पत्नी काजल के बीच हाथापाई हुई है और गोली लगने से महिला की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। महिला के सिर और पेट पर गोली लगने के निशान थे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
वारदात के बाद आरोपी पति धीरज अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेंटाउन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 23 सितंबर को क्लेमेंटाउन क्षेत्र से धीरज पंवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी के साथ विवाद और तलाक की जानकारी मिलने के बाद हत्या की साजिश को अंजाम दिया।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक, आरोपी और उसकी पत्नी के बीच संबंध खराब चल रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था और इसी वजह से वह उसकी रेकी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
