Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: देहरादून ट्रिपल मर्डर का खुलासा, 600 रुपये की मजदूरी को लेकर विवाद में प्लंबर ने पेचकस से की तीन हत्याएं

Dehradun: देहरादून ट्रिपल मर्डर का खुलासा, 600 रुपये की मजदूरी को लेकर विवाद में प्लंबर ने पेचकस से की तीन हत्याएं
शेयर करे-

Dehradun: रायपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए ट्रिपल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में राजकुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है और वर्तमान में इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रहता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को बुजुर्ग दंपति ने राजकुमार को प्लंबिंग का काम करने के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी के भुगतान को लेकर आरोपी और दंपति के बीच विवाद हो गया। राजकुमार ने अपनी 600 रुपये की मजदूरी मांगी, जबकि दंपति उसे 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान दंपति ने उसे गालियां दीं, जिससे वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। दंपति की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला बीच-बचाव के लिए पहुंची, तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर बुजुर्ग दंपति और महिला लहूलुहान हालत में अचेत मिले। पुलिस ने तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, 75 वर्षीय रजनी कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस भी बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपति के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले में आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *