Nainital: जिले की पुलिसिंग में मंगलवार को बड़ा फेरबदल किया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने चार क्षेत्राधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव हल्द्वानी सर्किल में हुआ है, जहां लव शर्मा को क्षेत्राधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं भवाली के सीओ रविकांत सेमवाल का तबादला रामनगर कर दिया गया है।
एसएसपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार रविकांत सेमवाल को क्षेत्राधिकारी रामनगर बनाया गया है। उनके पास क्षेत्राधिकारी यातायात का प्रभार पहले की तरह बना रहेगा।
विनय सिंह को क्षेत्राधिकारी भवाली की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं लव शर्मा को हल्द्वानी सर्किल का नया क्षेत्राधिकारी बनाया गया है। हल्द्वानी शहर में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों को देखते हुए उनकी तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा समीरण भट्ट को क्षेत्राधिकारी ऑप्स के साथ क्षेत्राधिकारी लाइन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
हल्द्वानी में नई कमान के साथ लव शर्मा के सामने शहर में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती होगी। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद नई तैनातियों का असर जमीनी पुलिसिंग पर कितना पड़ता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
