Dehradun: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण प्रस्तावित था, लेकिन अचानक खराब मौसम के कारण यह दौरा रद्द करना पड़ा। पीएम मोदी को उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी और पौड़ी का हवाई निरीक्षण करना था।
हवाई सर्वेक्षण रद्द होने के बाद प्रधानमंत्री ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों से विस्तार से हालात की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस वर्ष उत्तराखंड में कई बड़ी आपदाएं आईं। 5 अगस्त को उत्तरकाशी जिले के धराली में खीरगंगा गाड़ से आई बाढ़ ने पूरे बाजार को तबाह कर दिया, जबकि 6 अगस्त को पौड़ी जिले के कई गांवों में भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ। 23 अगस्त को चमोली जिले के थराली क्षेत्र में अतिवृष्टि और लैंडस्लाइड से जन-धन की क्षति हुई।
लगातार आपदाओं से राज्य को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रदेश सरकार ने केंद्र से 5702 करोड़ रुपये के पैकेज की मांग की है। गृह मंत्रालय को सौंपी रिपोर्ट के अनुसार, लोक निर्माण विभाग को 1163.84 करोड़, सिंचाई विभाग को 266.65 करोड़, ऊर्जा विभाग को 123.17 करोड़, शिक्षा विभागों को 77.32 करोड़ और अन्य विभागों को सैकड़ों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
केंद्र सरकार की टीम पहले ही नुकसान का आकलन कर चुकी है। अब प्रधानमंत्री मोदी की समीक्षा और आश्वासन के बाद राज्य को बड़े आर्थिक पैकेज की उम्मीद है।

Chief Editor, Aaj Khabar
