Dehradun: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखण्ड पहुंचे और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य को ₹1200 करोड़ की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख तथा घायलों को ₹50,000 की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने हाल की बाढ़ और भूस्खलन के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए “पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन” योजना के तहत विशेष सहायता का भी ऐलान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र स्वयंसेवकों से भी भेंट की और राहत कार्यों में उनके योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्य में बुनियादी ढांचे की बहाली और पुनर्निर्माण कार्यों में हर संभव सहयोग करेगी।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री और मंत्रीगण विभिन्न जनपदों का दौरा कर आपदा से हुए नुकसानों की समीक्षा करेंगे। कैबिनेट ने तय किया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों की बारीकी से निगरानी की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि सभी संबंधित विभाग मिलकर समन्वित रूप से राहत कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता देने और पुनर्वास कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर भविष्य की रणनीतियां और नीतिगत निर्णय समयानुसार और प्रभावी ढंग से लिए जाएंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar


