Headlines

Dehradun: उत्तराखण्ड में विद्युत विभाग हाई अलर्ट पर, यूपीसीएल प्रबन्ध निदेशक ने दिए आपात तैयारी के निर्देश

Dehradun: उत्तराखण्ड में विद्युत विभाग हाई अलर्ट पर, यूपीसीएल प्रबन्ध निदेशक ने दिए आपात तैयारी के निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: देशभर में उत्पन्न हो रही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबन्ध निदेशक ने 8 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं एवं अधिशासी अभियंताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड में रहकर अपने-अपने मुख्यालयों में तैनात रहने तथा दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

प्रबन्ध निदेशक ने अधिकारियों को जिला प्राधिकरणों एवं जिला मुख्यालयों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने तथा उनके निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही, आपातकालीन सेवाओं, अस्पतालों और रक्षा संस्थानों जैसी संवेदनशील जगहों की विद्युत आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने और बैकअप सप्लाई की व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आकस्मिक स्थितियों के लिए आवश्यक विद्युत सामग्री जैसे कंडक्टर, केबल, पोल और ट्रांसफार्मर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि किसी भी विद्युत व्यवधान की स्थिति में न्यूनतम समय में आपूर्ति बहाल की जा सके। साथ ही, मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया कि वे आपातकालीन परिस्थितियों में विद्युत आपूर्ति की त्वरित बहाली के लिए नोडल अधिकारी नामित करें, जो मुख्यालय के आपातकालीन कंट्रोल रूम से निरंतर संपर्क में रहें।

आईटी टीम को किसी संभावित साइबर हमले से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। प्रबन्ध निदेशक ने सभी कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध ईमेल या संदेश की सूचना तुरंत आईटी टीम को देने के निर्देश दिए हैं।

चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए, प्रबन्ध निदेशक ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु चारों धामों और यात्रा मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के भी विशेष निर्देश जारी किए।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *