Headlines

Dehradun: रामनगर से देहरादून के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, मुख्यमंत्री धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल फ्लैग ऑफ

Dehradun: रामनगर से देहरादून के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, मुख्यमंत्री धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल फ्लैग ऑफ
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखण्ड को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी और कुमाऊं तथा गढ़वाल मंडलों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

रामनगर से देहरादून तक चलने वाली यह एक्सप्रेस ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए संचालित होगी। इससे उत्तराखण्ड के दोनों मंडलों के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी बेहतर और सुगम रेल सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक और यात्री सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों ने देश की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जबकि राज्य को वर्ष 2026-27 के लिए रेलवे अवसंरचना विकास हेतु रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है। वर्तमान में उत्तराखण्ड में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के विकास की मजबूत आधारशिला बन रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस नई रेल सेवा में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसे भविष्य में प्रतिदिन संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी।

रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई और विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, विधायक अरविंद पांडे और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *