Dehradun: उत्तराखंड के लिए साल 2025 भारी तबाही लेकर आया है। राज्य में प्राकृतिक आपदाओं के कारण अब तक 5 हजार करोड़ रुपए से अधिक का आर्थिक नुकसान हो चुका है। आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों और संबंधित विभागों से प्राप्त रिपोर्टों को कंपाइल कर लिया है और जल्द ही केंद्र सरकार को आर्थिक मदद के लिए मेमोरेंडम भेजा जाएगा।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि इस आपदा सीजन में 79 लोगों की मौत हुई है जबकि 115 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से गठित टीम अगले हफ्ते राज्य का दौरा करेगी और प्रभावित क्षेत्रों में जाकर नुकसान का आकलन करेगी।
इस बार अगस्त माह में पिछले 10 वर्षों की तुलना में सबसे अधिक 574 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत 300 से 350 मिमी से कहीं अधिक है। अत्यधिक वर्षा के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे बड़े पैमाने पर क्षति हुई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सितंबर माह में भी सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना है।
आपदा प्रबंधन सचिव ने यात्रियों को बरसात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना रहता है, ऐसे में विशेष सावधानी बरतनी जरूरी है।

Chief Editor, Aaj Khabar

