Dehradun: कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के ढालीपुर–हरबर्टपुर मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतका के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ढालीपुर–हरबर्टपुर क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की शिनाख्त मनीषा पुत्री आनंद सिंह, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर के रूप में की। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनीषा शाम के समय अपने ताऊ के बेटे सुरेंद्र उर्फ मांडू पुत्र छोटा, निवासी बोक्सा बस्ती ढालीपुर के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान उन्हें झाड़ियों में शव मिलने की सूचना मिली।
मृतका के पिता आनंद सिंह की तहरीर पर कोतवाली विकासनगर में आरोपी सुरेंद्र उर्फ मांडू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के पास से आरोपी की मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त दरांती बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने घटना में इस्तेमाल की गई दरांती दो दिन पहले ही खरीदी थी।
फिलहाल आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
