Headlines

Rudrapur: रुद्रपुर में तमंचे के बल पर लूट का खुलासा, एक गिरफ्तार, दो फरार

Rudrapur: रुद्रपुर में तमंचे के बल पर लूट का खुलासा, एक गिरफ्तार, दो फरार
शेयर करे-

Rudrapur: पुलभट्टा थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर परिवार को बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, दो कारतूस और 26,500 रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, 21/22 जनवरी की रात पुलभट्टा क्षेत्र के बरा गांव में मूंगफली के होलसेल व्यापारी नरेश कुमार के घर तीन नकाबपोश बदमाश पीछे से खिड़की तोड़कर घुसे। आरोपियों ने तमंचे के बल पर पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया और अलमारी में रखी नगदी, ज्वैलरी व मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद पीड़ित ने किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़कर परिवार को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

22 जनवरी की सुबह पीड़ित की तहरीर पर पुलभट्टा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की तलाश में दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में दबिश दी गई।

मुखबिर की सूचना पर 29 जनवरी को पुलिस ने बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र स्थित अभयपुर तिराहे से आरोपी इस्लाम निवासी लोहार नगला, फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और लूट की रकम बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने भाई अबरार और दोस्त शकील के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।

आरोपी के अनुसार, तीनों ने मिलकर घर से करीब 87 हजार रुपये नकद, ज्वैलरी और दो मोबाइल फोन लूटे थे। इसके बाद उन्होंने एक बाइक भी चोरी की और लूट का सामान आपस में बांट लिया। आरोपी इस्लाम के हिस्से में 25 हजार रुपये और एक मोबाइल आया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। बाकी लूटी गई रकम, ज्वैलरी और बाइक फरार आरोपियों के पास बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *