Haldwani: पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट ने सोमवार शाम काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत हो रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरवरी 2026 तक हर हाल में सभी कार्य पूरे हों और इसमें कुमाऊंनी शैली की झलक अवश्य दिखाई दे।
करीब 16.76 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस परियोजना में दो एस्केलेटर, दो लिफ्ट, प्रतीक्षालय कक्ष, वीआईपी लॉज, नए कार्यालय कक्षों का निर्माण, स्टेशन से नरीमन चौराहे तक सड़क लिंक, फसाड सहित अन्य सुधार कार्य शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के कारण देरी हुई है, लेकिन अब फरवरी 2026 तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
सांसद भट्ट ने गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने छत की मरम्मत का प्रस्ताव भी रेलवे मंत्रालय से सम्मिलित कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान मेयर गजराज सिंह बिष्ट, रेलवे के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक मोहम्मद सलीम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

