Headlines

Haldwani: नैनीताल में बारिश का कहर कालाढूंगी में बोलेरो नाले में बही, एक युवक लापता दो की जान बची

Haldwani: नैनीताल में बारिश का कहर कालाढूंगी में बोलेरो नाले में बही, एक युवक लापता दो की जान बची
शेयर करे-

Haldwani: बीती रात से जारी भारी बरसात ने नैनीताल जिले में हालात बिगाड़ दिए हैं। नदी-नाले उफान पर आने से प्रशासन को एहतियातन सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी।

इसी बीच कालाढूंगी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। कोटाबाग से पतलिया गांव जा रही बोलेरो गाड़ी घरुडी बरसाती नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गई। गाड़ी में सवार तीन लोगों में से दो को स्थानीय युवाओं की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि पतलिया गांव निवासी दीपक रस्तोगी तेज बहाव में लापता हो गया।

सूचना पर रात करीब 11:30 बजे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। हालांकि अंधेरा और तेज पानी के कारण सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह से सर्च ऑपरेशन दोबारा शुरू किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि नदी-नाले उफान पर हैं और लोगों से बार-बार अपील की जा रही है कि वे बरसात के दौरान इन्हें पार करने का प्रयास न करें। चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर गाड़ियां नदी-नालों में उतार रहे हैं, जिससे हादसे हो रहे हैं।

गौरतलब है कि नैनीताल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *