Haridwar: हरिद्वार रोडवेज बस अड्डे के पास शनिवार को हरियाणा पुलिस के दरोगा को गोली मारकर फरार हुआ आरोपी रविवार को देहरादून में घेराबंदी के दौरान मौत के आगोश में चला गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही हरिद्वार से भी पुलिस टीम देहरादून पहुंच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी देहरादून के लक्ष्मण चौक स्थित अपने एक परिचित अधिवक्ता के यहां छिपा हुआ था। पुलिस के पहुंचते ही उसने गोली चला दी।
शनिवार को हरियाणा के जींद जिले से आई पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की थी। इस दौरान बदमाश ने टीम के उप निरीक्षक सुरेंद्र पर फायरिंग कर दी थी। गोली दरोगा के पेट और कोहनी में लगी थी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, जींद जिले के एसपी को धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी की लोकेशन हरिद्वार रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के आसपास मिली थी। उप निरीक्षक सुरेंद्र जब बस अड्डे के पास उसकी तलाश में पहुंचे, तो आरोपी नजर आते ही भागने लगा। पीछा करते हुए दरोगा ने उसे पकड़ भी लिया, लेकिन हाथापाई के दौरान आरोपी ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए और आरोपी मौके से फरार हो गया था। रविवार को देहरादून में उसकी तलाश के दौरान पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद पर ही गोली चला ली।

Chief Editor, Aaj Khabar
