Nainital: एसएसपी मीणा के सख्त निर्देश पर कालाढूंगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लग्जरी गाड़ियां सीज कर दीं और 10 युवकों पर कार्यवाही की।
जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि स्कॉर्पियो, थार और अन्य वाहन सवार युवक मंगोली क्षेत्र में हूटर बजाकर तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ा रहे हैं और पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर रहे हैं। सूचना पर कालाढूंगी तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो वाहन रोक लिए गए, जबकि एक थार वाहन तेज रफ्तार से भाग निकला। पीछा कर बैलपड़ाव पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वाहन सवार युवकों ने हूटर बजाकर रौब झाड़ा और रोकने पर पुलिस से बदतमीजी की। सभी युवकों को हिरासत में लेकर तीनों गाड़ियों को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर थाने में खड़ा किया गया। साथ ही पुलिस अधिनियम के तहत जुर्माना वसूलते हुए आरोपियों से माफीनामा लिया गया।
पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने और पुलिस से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से पुलिस ने अपील की है कि वे सहयोग करें और शांति बनाए रखें।

Chief Editor, Aaj Khabar
