Haridwar: राज्य में जारी भारी बारिश और आपदा संकट के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को लक्सर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचे। कठिन परिस्थितियों को नजरअंदाज करते हुए वे ट्रैक्टर से जलमग्न गांवों तक पहुंचे और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
मुख्यमंत्री ने मौके पर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा, भोजन, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं की हरसंभव व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कें, टूटे पुल और जल से घिरे घरों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर उनके साथ है और बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने राहत शिविरों में पर्याप्त भोजन, पानी, दवाइयों और साफ-सफाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए और किसानों की फसल क्षति का तुरंत आंकलन कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू की जाए। आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार समेत प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
