Headlines

Haridwar: हरिद्वार में 72 घंटे में बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़, तीन साल की बच्ची समेत दो मासूम बरामद

Haridwar: हरिद्वार में 72 घंटे में बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़, तीन साल की बच्ची समेत दो मासूम बरामद
शेयर करे-

Haridwar: कनखल क्षेत्र से तीन साल की बच्ची के अपहरण मामले में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 72 घंटे के भीतर अंतरराज्यीय बच्चा चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से हरिद्वार से अगवा की गई तीन वर्षीय बच्ची और दिल्ली से चोरी किया गया एक अन्य मासूम बच्चा सकुशल बरामद किया गया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मायापुर स्थित कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 मई को कनखल के बैरागी कैंप स्थित झुग्गी बस्ती से एक तीन साल की बच्ची को बिस्कुट का लालच देकर अगवा कर लिया गया था। घटना के बाद पुलिस की विशेष टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लगातार जांच के बाद एक संगठित बच्चा चोरी गिरोह तक पहुंच बनाई।

जांच में सामने आया कि गिरोह चोरी किए गए बच्चों को दो से पांच लाख रुपये तक में निसंतान दंपतियों को बेचता था। गिरोह में बच्चों की चोरी, परिवहन, ग्राहक तलाशने और फर्जी अभिभावक बनकर सौदा करने तक की जिम्मेदारियां अलग-अलग सदस्यों में बंटी हुई थीं। पुलिस के अनुसार गिरोह के तार उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले हुए हैं।

पुलिस जांच के दौरान दिल्ली में 4 मई को हुए एक वर्षीय बच्चे के अपहरण मामले से भी महत्वपूर्ण सुराग मिला। दोनों घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज का मिलान करने पर एक ही गिरोह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद हरिद्वार और उत्तर प्रदेश में लगातार छापेमारी कर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस कार्रवाई से घबराए गिरोह के अन्य सदस्यों ने हरिद्वार से अगवा बच्ची को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर लावारिस छोड़ दिया, जहां से आरपीएफ की सूचना पर पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह ने 24 मई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से एक अन्य बच्चे का अपहरण कर उसे डेढ़ लाख रुपये में बदायूं में बेच दिया था। पुलिस ने उस बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि हरिद्वार से अगवा की गई बच्ची को राजस्थान में बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोच लिया। पुलिस को आशंका है कि गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं, इसलिए जांच जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *