Headlines

Haridwar: गणेश विसर्जन के दौरान गंगा में बही 14 वर्षीय किशोरी, एसडीआरएफ और जल पुलिस का सर्च अभियान जारी

Haridwar: गणेश विसर्जन के दौरान गंगा में बही 14 वर्षीय किशोरी, एसडीआरएफ और जल पुलिस का सर्च अभियान जारी
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार में गणेश विसर्जन के दौरान बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के लालजीवाला बस्ती के पास परिवार के साथ गणपति विसर्जन के लिए पहुंची 14 वर्षीय किशोरी गंगा के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। घटना के बाद जल पुलिस और एसडीआरएफ ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन गुरुवार शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के अनुसार डोईवाला क्षेत्र की केशव बस्ती निवासी 14 वर्षीय प्रीति पुत्री राकेश कुमार अपने परिवार के साथ गणपति विसर्जन के लिए लालजीवाला बस्ती के पास बड़ी गंगा नदी पहुंची थी। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे विसर्जन के दौरान वह अचानक गंगा में गिर गई और तेज बहाव में बह गई।

बताया जा रहा है कि पानी के बहाव के साथ किशोरी गंगा के पानी के डायवर्जन के लिए बनाए गए रपटे में लगे कंक्रीट के आरसीसी ड्रेनेज पाइप के अंदर चली गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाश शुरू की।

बुधवार रात तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन किशोरी का पता नहीं चला। गुरुवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया। टीमों ने गंगा में संभावित स्थानों पर तलाश की। रेस्क्यू अभियान के दौरान जेसीबी की मदद से पाइपलाइन को भी तुड़वाया गया, ताकि किशोरी की तलाश की जा सके।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा है। वहीं, किशोरी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार उसके मिलने की उम्मीद में रेस्क्यू टीमों के अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।

एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी ने बताया कि किशोरी के गंगा में बहने की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। जल पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। संभावित स्थानों पर किशोरी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *