Headlines

Haridwar: पाकिस्तान कनेक्शन और करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में हरिद्वार की टीचर गिरफ्तार, जम्मू-कश्मीर पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई

Haridwar: पाकिस्तान कनेक्शन और करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में हरिद्वार की टीचर गिरफ्तार, जम्मू-कश्मीर पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई
शेयर करे-

Haridwar: पाकिस्तान कनेक्शन और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरिद्वार से एक और महिला शिक्षक पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू-कश्मीर लेकर गई है। इससे पहले इसी मामले में हरिद्वार की शिक्षिका सोनम को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी पूछताछ में पूजा का नाम सामने आया था।

जानकारी के अनुसार पूजा एमएससी की छात्रा है और एक कॉलेज में बच्चों को पढ़ाने का कार्य भी कर रही थी। उसकी दोस्ती सोनम से पढ़ाई के दौरान हुई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक दोनों युवतियां जम्मू-कश्मीर के ऐसे युवकों के संपर्क में थीं, जिनके संबंध पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस बुधवार से ही रुड़की क्षेत्र में डेरा डाले हुए थी। लगातार निगरानी और जांच के बाद गुरुवार को पूजा को गिरफ्तार कर लिया गया और ट्रांजिट रिमांड पर उसे जम्मू-कश्मीर ले जाया गया।

जांच में सामने आया है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सबसे पहले कठुआ जिले में राहुल खान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसके पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से संबंध होने की बात सामने आई थी। पूछताछ के दौरान राहुल खान ने सोनम का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस हरिद्वार पहुंची और सोनम को गिरफ्तार किया।

सोनम से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अपनी मित्र पूजा के माध्यम से उमर नाम के व्यक्ति के संपर्क में आई थी। उमर ने उसकी बातचीत अपने रिश्तेदार हसीन से कराई। इसके बाद मुख्य आरोपियों की ओर से सोनम को पार्सल के जरिए एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंक पासबुक उपलब्ध कराई गईं।

पुलिस जांच के अनुसार विभिन्न बैंक खातों में आने वाली रकम को सोनम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करती थी। अब तक 20 से 25 खातों में धनराशि ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों का दावा है कि सोनम हर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के बदले तय कमीशन लेती थी। प्रारंभिक जांच में करीब 20 लाख रुपये विभिन्न खातों में यूपीआई, एटीएम और बैंकिंग माध्यमों से ट्रांसफर किए जाने तथा इसके बदले लगभग 2 लाख रुपये कमीशन मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोनम और पूजा ने मिलकर अब तक कुल कितनी रकम का लेनदेन किया और इस धनराशि का इस्तेमाल कहीं किसी संदिग्ध या अवैध गतिविधि में तो नहीं होना था। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *