Headlines

Nainital: नैनीताल दौरे में सीएम धामी का राहुल गांधी पर करारा प्रहार, 2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा

Nainital: नैनीताल दौरे में सीएम धामी का राहुल गांधी पर करारा प्रहार, 2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा
शेयर करे-

Nainital: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत नैनीताल पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य अतिथि गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल गांधी सेना और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे विषयों पर सबूत मांगते हैं, जबकि देश की सेना के शौर्य और पराक्रम पर प्रश्नचिह्न लगाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री का विरोध राजनीतिक विषय हो सकता है, लेकिन सेना का विरोध समझ से परे है।

कैंची धाम क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती है। इसके समाधान के लिए नई सड़कों और वैकल्पिक मार्गों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही क्षेत्र को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही चारधाम और कैंची धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं।

लोकायुक्त की नियुक्ति के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा गठित समितियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही उत्तराखंड को नया लोकायुक्त मिलेगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हिमालय, गंगा और यमुना जैसे प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा कर ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण दिया जा सकता है।

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में भी भाजपा को अपना समर्थन और आशीर्वाद देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *