Headlines

Haridwar: हरिद्वार में गुरु पूर्णिमा पर आस्था का महासैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर लिया गुरु और भोलेनाथ का आशीर्वाद

Haridwar: हरिद्वार में गुरु पूर्णिमा पर आस्था का महासैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर लिया गुरु और भोलेनाथ का आशीर्वाद
शेयर करे-

Haridwar: धर्मनगरी हरिद्वार में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर की पैड़ी, सुभाष घाट, मालवीय द्वीप, रोड़ीबेलवाला समेत मां गंगा के सभी प्रमुख घाटों पर तड़के से ही लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि, राष्ट्र की खुशहाली और जीवन में मंगल की कामना की।

इस वर्ष सावन मास, कांवड़ यात्रा और गुरु पूर्णिमा का दुर्लभ संयोग हरिद्वार की आध्यात्मिक भव्यता को और अधिक दिव्य बना गया। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद अपने-अपने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया, जबकि हजारों कांवड़िए गंगाजल भरकर भगवान शिव के अभिषेक के लिए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

पूरे गंगा तट पर “हर-हर गंगे” और “जय गुरुदेव” के जयघोष गूंजते रहे। कहीं श्रद्धालु गंगा आरती में शामिल हुए तो कहीं गुरु पूजन और वंदना का आयोजन हुआ। सनातन परंपराओं और भक्ति का यह अनुपम दृश्य हरिद्वार की धार्मिक गरिमा को और अधिक गौरवान्वित करता नजर आया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों और स्नान स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए, जिससे पूरे दिन व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहीं।

गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, ज्ञान और संस्कारों के सम्मान का प्रतीक पर्व है। वहीं सावन में गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने निकले कांवड़ियों की आस्था ने इस अवसर को और भी विशेष बना दिया। धर्मनगरी हरिद्वार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब मां गंगा की कृपा, गुरु का आशीर्वाद और सनातन आस्था एक साथ जुड़ती है तो पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति से आलोकित हो उठता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *