Headlines

Haridwar: कुंभ 2027 को भव्य बनाने की तैयारी तेज, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Haridwar: कुंभ 2027 को भव्य बनाने की तैयारी तेज, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शेयर करे-

Haridwar: कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की।

मंत्री कैड़ा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस महा आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से कुंभ को वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट आयोजन के रूप में स्थापित किया जाएगा।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए उन्होंने सड़कों के सुधार, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, घाटों के विस्तार, स्ट्रीट लाइट, टॉयलेट्स और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि देश की आध्यात्मिक पहचान है, इसलिए इसकी तैयारी सामूहिक जिम्मेदारी के साथ की जानी चाहिए। संतों और अखाड़ों की सहमति से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि कुंभ मेला 2027 के लिए राज्य सरकार द्वारा 300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जबकि केंद्र सरकार से 500 करोड़ रुपये की सहायता भी प्राप्त हुई है। कुल 55 कार्यों में से अधिकांश पर काम तेजी से जारी है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुंभ के दौरान 32 सेक्टरों में अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे, जबकि बाहरी क्षेत्रों में स्थायी थानों की भी व्यवस्था की जाएगी। वहीं स्वच्छता के लिए 13 हजार टॉयलेट्स और 8 हजार मूत्रालय स्थापित किए जाएंगे तथा डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली लागू की जाएगी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता को लेकर अभियान लगातार जारी है। नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की जा रही है।

भ्रमण के दौरान मंत्री कैड़ा ने विभिन्न संतों और अखाड़ों के प्रमुखों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और कुंभ आयोजन में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने सीसीआर-2 भवन निर्माण कार्य सहित अन्य परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुंभ मेला 2027 को एक आदर्श, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *