Headlines

Nainital: ओवरटेक की चूक बनी जानलेवा, कालाढूंगी में बस से बाइक टकराने से लालकुआं निवासी युवक की मौत

Haldwani Newss
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल के कालाढूंगी क्षेत्र में गुरुणी नाले के पास बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में लालकुआं निवासी 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रावत नगर, लालकुआं निवासी पुष्कर सिंह कार्की, पुत्र दीवान सिंह कार्की, अपनी बाइक से रामनगर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। कमोला स्थित गुरुणी नाले के पास आगे चल रही बस को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और कालाढूंगी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम युवक को अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

एसआई तनवीर आलम के अनुसार मृतक मार्चुला क्षेत्र में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था और गुरुवार सुबह अपने घर लौट रहा था। पुष्कर अपने परिवार का इकलौता सहारा था और उसी पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *