Headlines

Haridwar: हरिद्वार के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड, एचपीएम इन्फोटेक फैक्ट्री में लगी आग से मचा हड़कंप

Haridwar: हरिद्वार के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड, एचपीएम इन्फोटेक फैक्ट्री में लगी आग से मचा हड़कंप
शेयर करे-

Haridwar: हरिद्वार के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एचपीएम इन्फोटेक कंपनी में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई। कंपनी में पंखों के पार्ट्स तैयार किए जाते हैं, जहां आग लगते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, वहीं फायर कर्मियों ने आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाल लिया। भीषण गर्मी के चलते आग की लपटें तेजी से फैलती रहीं, जिससे आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे समय तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयानक थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। सिडकुल और मायापुर फायर यूनिट की तीन दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री परिसर में मौजूद फायर हाइड्रेंट सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा था, जिससे पानी की उपलब्धता बनी रही और आग बुझाने में मदद मिली।

काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

हरिद्वार के सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तीन गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *