Haridwar: बहादराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ऋषिकेश से राजस्थान के जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में सवार 32 यात्रियों को पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि यात्रियों का पीछे रखा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार देर रात करीब 12 बजे बहादराबाद क्षेत्र के बढेड़ी राजपूताना गांव के पास हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग की चपेट में बस के पिछले हिस्से में रखा यात्रियों का सामान आ गया, जिससे अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के कारण हाईवे पर दोनों ओर जाम की स्थिति भी बन गई, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें ब्राजील की दो महिला पर्यटक भी शामिल थीं। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
ब्राजील की महिला पर्यटकों ने जताया उत्तराखंड पुलिस का आभार
बस में सवार ब्राजील की दो महिला पर्यटकों का सामान आग में जल गया, हालांकि उनके जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस उन्हें थाने लेकर गई और उनके गंतव्य तक पहुंचने की वैकल्पिक व्यवस्था की। रवाना होते समय दोनों विदेशी महिलाओं ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें जलती बस से सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।

Chief Editor, Aaj Khabar
