Headlines

Nainital: नैनीताल में बढ़ती पर्यटक भीड़ पर डीएम रयाल की अपील, ट्रैफिक नियमों और स्थानीय संस्कृति के सम्मान पर दिया जोर

Nainital: नैनीताल में बढ़ती पर्यटक भीड़ पर डीएम रयाल की अपील, ट्रैफिक नियमों और स्थानीय संस्कृति के सम्मान पर दिया जोर
शेयर करे-

Nainital: जनपद नैनीताल में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों एवं आगंतुकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि बढ़ती पर्यटक गतिविधियों के बीच सभी आगंतुकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ा न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में पर्यटक प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों और पारंपरिक मूल्यों का सम्मान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और अतिथि सत्कार के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखती है।

उन्होंने कहा कि जनपद में आने वाले सभी पर्यटकों का हृदय से स्वागत है। पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लेने के साथ-साथ अपने साथ सकारात्मक अनुभव और अच्छा संदेश भी लेकर जाएंगे।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निकायों, जिला पंचायत, पेयजल एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों के लिए सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *